Writing

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली यह नई रेल सेवा उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच आवागमन को अधिक सुगम बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ट्रेन केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास, बेहतर संपर्क और नए अवसरों की मजबूत कड़ी है। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
रामनगर से देहरादून तक इन प्रमुख स्टेशनों से होकर चलेगी ट्रेन
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह रेल सेवा काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। इससे कुमाऊं, गढ़वाल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा।
रेलवे में तेजी से हो रहा आधुनिक विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी अत्याधुनिक 'मेड इन इंडिया' ट्रेनें देश की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भर भारत की पहचान बन चुकी हैं। रेलवे हरित और आधुनिक तकनीकों को भी तेजी से अपना रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य अंतिम चरण में है, जो उत्तराखंड के धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई गति देगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है। वर्ष 2026-27 में उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट मिला है, जबकि लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
यात्रियों की संख्या बढ़ने पर रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस प्रतिदिन चलाने पर होगा विचार
केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे देश के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार बन रही है। उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सेतु का कार्य करेगी। यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में इस ट्रेन का संचालन प्रतिदिन करने पर भी विचार किया जाएगा।

रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई एवं विस्तारित नियमित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।
उन्होंने उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क के विस्तार के लिए राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
वर्चुअल कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।