चंपावत: बीएलओ को विशेष प्रशिक्षण, मतदाता सूची होगी त्रुटिरहित
23 Jul, 2026 by
Admin
चंपावत: बीएलओ को विशेष प्रशिक्षण, मतदाता सूची होगी त्रुटिरहित
चंपावत में मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत बीएलओ, एईआरओ और निर्वाचन अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करने और दावों-आपत्तियों के पारदर्शी निस्तारण पर जोर दिया गया।
चंपावत विकासखंड में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीएलओ, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) और निर्वाचन अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान ड्राफ्ट मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करने, नोटिस तामील, सुनवाई की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों को निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड करने की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों को फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से संबंधित दावों एवं आपत्तियों के समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही बीएलओ ऐप के जरिए नोटिस तामील, दस्तावेज अपलोड करने और ऑनलाइन रिपोर्ट तैयार करने का लाइव डेमो भी कराया गया, ताकि निर्वाचन कार्य में तकनीक का बेहतर उपयोग हो सके।
मास्टर ट्रेनर जीवन कलोनी और पी.सी. उपाध्याय ने प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने सभी निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध, निष्पक्ष और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने भी प्रशिक्षण को आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए उपयोगी बताया।
निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित हो, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का आसानी से प्रयोग कर सके।