वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, नवीनीकरण और स्वामित्व हस्तांतरण सहित कई सेवाओं की जानकारी अब QR स्कैन करते ही उपलब्ध, टोकन डिस्प्ले सिस्टम से खत्म हुई लंबी कतारों की परेशानी।
उत्तराखंड परिवहन विभाग लगातार अपनी सेवाओं को आधुनिक और जनहितैषी बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसी कड़ी में हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय में आम जनता की सुविधा के लिए QR आधारित चैटबॉट और डिजिटल टोकन डिस्प्ले सिस्टम की शुरुआत की गई है। इन दोनों सुविधाओं से कार्यालय आने वाले लोगों को न केवल सटीक जानकारी मिल रही है, बल्कि लंबी कतारों में खड़े रहने की समस्या से भी राहत मिली है।
हरिद्वार के एआरटीओ कार्यालय में शुरू की गई यह नई व्यवस्था आम नागरिकों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। कार्यालय के प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) में डिजिटल टोकन डिस्प्ले सिस्टम लगाया गया है। अब कार्यालय में आने वाले प्रत्येक आवेदक को पहले टोकन दिया जाता है, जिसके बाद वह आराम से वेटिंग एरिया में बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर सकता है। जैसे ही स्क्रीन पर उसका टोकन नंबर या नाम प्रदर्शित होता है, वह संबंधित काउंटर पर पहुंचकर अपना कार्य कराता है। इससे भीड़भाड़ कम होने के साथ-साथ व्यवस्था अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनी है।
इसके साथ ही परिवहन विभाग ने QR आधारित एक विशेष चैटबॉट भी शुरू किया है। कार्यालय में लगाए गए QR कोड को कोई भी व्यक्ति अपने स्मार्टफोन से स्कैन कर वाहन पंजीकरण , ड्राइविंग लाइसेंस, लाइसेंस नवीनीकरण, वाहन स्वामित्व हस्तांतरण, परमिट, टैक्स, फिटनेस सहित परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं से जुड़ी जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकता है। इससे लोगों को छोटी-छोटी जानकारियों के लिए अलग-अलग काउंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समय की भी बचत होती है।
परिवहन विभाग का मानना है कि इस डिजिटल पहल से कार्यालय में कार्यों का निष्पादन पहले की तुलना में अधिक तेज और सुव्यवस्थित हो रहा है। साथ ही कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव भी कम हुआ है और नागरिकों को बेहतर अनुभव मिल रहा है।
"हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय में नागरिकों की सुविधा के लिए QR आधारित चैटबॉट और डिजिटल टोकन सिस्टम शुरू किया गया है। बड़ी संख्या में लोग इन दोनों सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। इससे लोगों को विभागीय सेवाओं की सही जानकारी आसानी से मिल रही है और कार्यालय में भीड़ का बेहतर प्रबंधन हो रहा है। यदि यह व्यवस्था इसी तरह सफल रहती है तो आने वाले समय में परिवहन विभाग के अन्य कार्यालयों में भी इसे लागू करने की योजना है।"
निखिल शर्मा, एआरटीओ हरिद्वार
डिजिटल इंडिया की दिशा में उत्तराखंड परिवहन विभाग की यह पहल आम नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। QR चैटबॉट और टोकन सिस्टम के माध्यम से अब परिवहन कार्यालयों में लोगों का अनुभव पहले से अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित हो रहा है।