दिल्ली में युवाओं का आंदोलन, उत्तराखंड में युवा जनसंवाद... एक दिन, दो अलग तस्वीरें
20 Jul, 2026 by
Admin
दिल्ली में युवाओं का आंदोलन, उत्तराखंड में युवा जनसंवाद... एक दिन, दो अलग तस्वीरें
दिल्ली में प्रदर्शन, लालकुआं में संवाद... युवाओं को लेकर दिखीं दो अलग तस्वीरें
जंतर-मंतर पर मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवा, जबकि लालकुआं में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने युवाओं से किया सीधा संवाद
युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को देश के दो अलग-अलग हिस्सों से दो बिल्कुल अलग तस्वीरें सामने आईं। एक ओर राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर युवा प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के लालकुआं में आयोजित युवा जनसंवाद कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा युवाओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुन रहे थे।
"युवाओं को सुनना सरकार की प्राथमिकता" — सौरभ बहुगुणा
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सुझावों को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें नीति निर्माण और विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं और सरकार रोजगार, स्वरोजगार व कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
दिल्ली में जंतर-मंतर पर एकत्र हुए युवाओं ने
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार से ठोस निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज को लेकर भी बहस छिड़ी रही। इस घटनाक्रम पर विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने वाले युवाओं की आवाज को बल प्रयोग से दबाना उचित नहीं है।
वहीं उत्तराखंड के नैनीताल जनपद स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, लालकुआं में भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित युवा जनसंवाद कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने युवाओं से सीधे संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने भाग लिया तथा रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप, शिक्षा और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर खुलकर अपने विचार और सुझाव साझा किए। मंत्री ने युवाओं की बात सुनते हुए उनकी अपेक्षाओं और चुनौतियों को समझने का प्रयास किया तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
"युवाओं के सुझाव विकास की दिशा तय करेंगे" — विधायक मोहन सिंह बिष्ट
विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि युवा जनसंवाद केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं और सरकार के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाकर उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर लालकुआंकराया जाएगा।
इन दोनों घटनाओं ने एक ही दिन युवाओं से जुड़े दो अलग-अलग परिदृश्यों को सामने रखा। एक ओर दिल्ली में युवा अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर संघर्ष करते दिखाई दिए, जबकि दूसरी ओर उत्तराखंड में संवाद के माध्यम से युवाओं की बात सुनने और उन्हें नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने की पहल होती नजर आई।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में आंदोलन और संवाद दोनों की अपनी-अपनी भूमिका है। ऐसे में यह घटनाक्रम इस बात को भी रेखांकित करता है कि युवाओं की आकांक्षाओं को समझना और उनका समाधान निकालना आज सरकारों और समाज, दोनों की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में शामिल है।