
चम्पावत।
राजीव गांधी को कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि, चम्पावत में याद किए आधुनिक भारत के सपने
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को चम्पावत जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश के विकास में दिए गए योगदान को याद किया।
मादली स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
*राजीव गांधी ने देश को दी नई सोच और तकनीकी दिशा*।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की दिशा में आगे बढ़ाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर गांवों तक लोकतंत्र की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि आज भारत तकनीक और संचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने युवाओं को राजनीति से जोड़ने और देश को 21वीं सदी के भारत के रूप में तैयार करने की मजबूत नींव रखी।

जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने कहा कि राजीव गांधी का पूरा जीवन देश सेवा, विकास और राष्ट्रीय एकता को समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राजीव गांधी के आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी उनके बताए मार्ग पर चलकर संगठन को मजबूत बनाने की बात कही।