करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में फरार चल रहे शाश्वत गर्ग के घर पर न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
देहरादून
राजधानी देहरादून में करोड़ों रुपये के चर्चित रियल एस्टेट धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहे बिल्डर शाश्वत गर्ग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय से जारी कुर्की वारंट के अनुपालन में दून पुलिस ने आरोपी के आवास को कुर्क कर कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
रियल एस्टेट निवेश के नाम पर लोगों से कथित रूप से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपों का सामना कर रहे बिल्डर शाश्वत गर्ग की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ अब पुलिस ने न्यायालय के निर्देश पर सख्त कदम उठाया है।
राजपुर थाना पुलिस की टीम ने सहस्त्रधारा रोड स्थित शाश्वत गर्ग के आवास पर पहुंचकर न्यायालय द्वारा जारी कुर्की वारंट का पालन करते हुए संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने नियमानुसार मुनादी कराते हुए कार्रवाई पूरी की।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं इस मामले में निवेशकों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
दून पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि आर्थिक अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ कानून लगातार सख्ती बरत रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी गंभीरता से अपनाई जा रही हैं।