Breaking News:
30 Aug, 2026 by Admin

सड़े-गले प्याज और खराब ब्रेड से बन रहे थे बर्गर! मैक्डोनाल्ड आउटलेट पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा

हरिद्वार

सिडकुल स्थित पेंटागन मॉल में नामी फास्ट फूड कंपनी मैक्डोनाल्ड के आउटलेट पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच के दौरान उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से कथित तौर पर खिलवाड़ करने वाली गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए और कार्रवाई करते हुए आउटलेट का फूड लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

यह कार्रवाई प्रभारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान टीम को बर्गर तैयार करने में सड़े-गले प्याज और खराब गुणवत्ता वाली ब्रेड के इस्तेमाल की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से बर्गर समेत अन्य खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए एकत्र किए।सैंपल जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेजे जाएंगे
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, एकत्र किए गए नमूनों को जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित आउटलेट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

मैक्डोनाल्ड जैसे बड़े और चर्चित ब्रांड के आउटलेट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।