राहुल गांधी पर नितिन नवीन की टिप्पणी से भड़का कांग्रेस का आक्रोश, हल्द्वानी में भाजपा अध्यक्ष का पुतला फूंका
10 Sep, 2026
by Admin
कांग्रेस नेताओं ने कहा—राजनीतिक विरोध अपनी जगह, लेकिन भाषा की मर्यादा जरूरी
हल्द्वानी, 10 सितंबर 2026। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नितिन नवीन का पुतला दहन किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविन्द सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष की ओर से राहुल गांधी के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं और उनकी बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा नेतृत्व परेशान है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सतीश नैनवाल, प्रदेश महासचिव संजय किरोला और प्रदेश सचिव हिमांशु जोशी ने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं। उन्होंने भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन और जनसमस्याओं जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जया कर्नाटक और महिला महानगर अध्यक्ष मधु सांगुड़ी ने भी भाजपा नेताओं से राजनीतिक बहस में मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने के बजाय विपक्षी नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करना उचित नहीं है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि व्यक्तिगत टिप्पणियों और अमर्यादित भाषा के जरिए राहुल गांधी की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और पार्टी जनहित, संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।