Breaking News:
Image not found
06 Sep, 2026 by Admin

नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने नैनीताल जिले में 7 सितंबर 2026, सोमवार को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर लागू होगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश जारी है, जिससे नदी-नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

शिक्षकों और स्टाफ को भी अवकाश

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने अवकाश के आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

आवासीय स्कूलों पर लागू नहीं होगा आदेश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।