नैनीताल में 2 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद ऑरेंज अलर्ट के चलते जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जारी किए आदेश
01 Sep, 2026
by Admin
नैनीताल में 2 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद ऑरेंज अलर्ट के चलते जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जारी किए आदेश, कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों पर लागू होगा अवकाश
नैनीताल,
मौसम विभाग द्वारा जनपद नैनीताल में 2 सितंबर को जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 2 सितंबर को नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में नदी-नालों एवं गधेरों में तेज जल प्रवाह के साथ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल रहेंगे बंद
आदेश के अनुसार 2 सितंबर 2026 (बुधवार) को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ को भी इस दिन अवकाश अनुमन्य रहेगा। आवासीय स्कूलों को आदेश से रखा गया बाहर जिलाधिकारी के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।